अंबिकापुर, सरगुजा ।
जिले के एक सक्रिय पत्रकार एवं सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अमित कुमार पाण्डेय ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज अंबिकापुर को एक लिखित आवेदन सौंपा है, जिसमें गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पत्रकार अमित पाण्डेय ने अपने आवेदन में बताया है कि वे लंबे समय से जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। वे लगातार भ्रष्टाचार, घोटालों और प्रशासनिक खामियों को उजागर करते आ रहे हैं। इसी कारण कुछ कथित भ्रष्ट अधिकारी, कर्मचारी और उनसे जुड़े लोग उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

आवेदन के अनुसार, उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली है कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाने, सड़क दुर्घटना के नाम पर जान से मारने तथा असामाजिक तत्वों के माध्यम से हमला कराने की योजना बनाई जा रही है। पत्रकार ने आशंका जताई है कि किसी भी समय उनके साथ गंभीर घटना हो सकती है।
पत्रकार ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके खिलाफ फर्जी केस दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है, ताकि उनकी आवाज को दबाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह साजिश इसलिए रची जा रही है क्योंकि वे लगातार जनहित के मुद्दों पर आवाज उठा रहे हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर लिख रहे हैं।
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अमित पाण्डेय ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, उनके आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और किसी भी साजिश या झूठे केस की सूचना मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी अपील की है कि उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पत्रकार ने अपने आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक जशपुर, मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, पुलिस महानिदेशक रायपुर, गृह मंत्री छत्तीसगढ़ सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों को भी भेजी है।
पत्रकार ने प्रशासन से त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए कहा है कि इससे न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि अन्य पत्रकारों और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट्स को भी सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।








