कोरबा, छत्तीसगढ़
कोरबा जिले के पताड़ी स्थित अडानी समूह के प्रस्तावित 1600 मेगावाट विद्युत परियोजना के लिए पर्यावरणीय जनसुनवाई का आयोजन सरगबुंदिया स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में किया गया। यह जनसुनवाई परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति प्रदान करने की वैधानिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण रही, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों तथा प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम पूर्व निर्धारित समयानुसार 11 बजे प्रारंभ हुआ और शांतिपूर्ण तथा व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ। मंच पर जिला प्रशासन के अधिकारी अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, एस डी एम कोरबा सरोज महिलांगे,पर्यावरण विभाग के प्रतिनिधि अंकुर साहू तथा परियोजना प्रबंधन की टीम उपस्थित रही।

सुनवाई मे उपस्थित अधिकारियों ने जनसुनवाई की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों की राय, सुझाव और आपत्तियों को दर्ज करना है, ताकि अंतिम निर्णय में जनभावनाओं को समुचित महत्व दिया जा सके।
जनसुनवाई के दौरान अधिकांश वक्ताओं ने परियोजना का समर्थन करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक बताया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार लगभग 80 प्रतिशत उपस्थित लोगों ने परियोजना के पक्ष में अपनी बात रखी। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में बड़े उद्योग की स्थापना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी तथा सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। कई वक्ताओं ने यह भी अपेक्षा जताई कि कंपनी स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दे तथा कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित करे।

परियोजना प्रबंधन की ओर से बताया गया कि प्रस्तावित संयंत्र आधुनिक सुपर क्रिटिकल तकनीक पर आधारित होगा, जिससे ईंधन दक्षता बेहतर होगी और उत्सर्जन को निर्धारित मानकों के भीतर रखा जा सकेगा। कंपनी प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि फ्लाई ऐश के सुरक्षित निस्तारण, धूल नियंत्रण और जल स्रोतों की सुरक्षा के लिए वैज्ञानिक एवं नियमानुसार व्यवस्थाएं अपनाई जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक दायित्वों के तहत आसपास के ग्रामों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आधारभूत संरचना के विकास के लिए कार्य किए जाएंगे।

प्रोजेक्ट प्रमुख सी.वी. के प्रसाद ने कहा कि, “परियोजना के आने से जहां रोजगार सृजन से हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा तो वहीं सामाजिक सरोकारों के जरिए ग्रामों में शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना विकास के नए आयाम खुलेंगे। अदानी पॉवर क्षेत्र में रोजगारोन्मुख, विकासात्मक तथा ग्रामों के उन्नयन के लिए प्रतिबद्ध है।“ उन्होंने जनसुनवाई में कंपनी की पक्ष में अपने विचार रखने उपस्थित सभी ग्रामीणजनों, प्रशासनिक अधिकारियों, हितधारकों, तथा जनसुनवाई के आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से भाग लेने वाले सभी लोगों को धन्यवाद ज्ञापित कर आभार जताया।

हालांकि कुछ वक्ताओं ने पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर चिंताएं भी व्यक्त कीं। उन्होंने वायु गुणवत्ता, राख निस्तारण, भूजल संरक्षण और भारी वाहनों की आवाजाही से होने वाले संभावित प्रभावों पर ध्यान दिलाया। अधिकारियों ने इन बिंदुओं को विधिवत दर्ज कर आवश्यक परीक्षण और निगरानी का आश्वासन दिया।
कुल मिलाकर सरगबुंदिया स्थित शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित यह जनसुनवाई शांतिपूर्ण एवं सफल मानी गई। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता और बहुमत का समर्थन इस परियोजना के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाता है। अब आगे की प्रक्रिया पर्यावरणीय आकलन और शासकीय स्वीकृतियों पर निर्भर करेगी। स्थानीय नागरिकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन और जनहित की अपेक्षाओं को किस प्रकार प्रभावी रूप से पूरा किया जाता है।











