कोरबा छत्तीसगढ़
कोरबा 1 फरवरी – कोरबा जिला कांग्रेस अद्ध्यक्ष द्वय मुकेश राठौर एवं मनोज चौहान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के नाम पर मतदाता सूची से नाम विलोपन का संगठित षड्यंत्र सामने आया है। जिला कांग्रेस अद्ध्यक्ष ग्रामीण मनोज चौहान ने कहा है कि फॉर्म-7 का दुरुपयोग कर विशेष रूप से अल्पसंख्यक, ओबीसी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है, जो सीधे-सीधे लोकतंत्र और संविधान पर हमला है।
कोरबा जिला कांग्रेस अद्ध्यक्ष मुकेश राठौर शहर ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी के संज्ञान में ऐसे अनेक मामले आए हैं, जहाँ संबंधित मतदाता को जानकारी दिए बिना, उनकी अनुमति के बिना, फर्जी नाम व हस्ताक्षर लगाकर फॉर्म-7 प्रस्तुत किए गए। यह न केवल चुनावी नियमों का उल्लंघन है, बल्कि गंभीर आपराधिक कृत्य भी है।
इससे यह स्पष्ट होता जा रहा है कि SIR की आड़ में कुछ ताकतें यह तय करना चाहती हैं कि कौन वोट देगा और कौन नहीं। यह सोच लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इन गंभीर मामलों को लेकर एस आई आर एवं मनरेगा के कोरबा प्रभारी श्री विजय केशरवानी के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी द्वारा 02 फरवरी 2026 को अपराह्न 4:00 बजे, जिला कांग्रेस कार्यालय, टी.पी. नगर, कोरबा में एक आवश्यक एवं निर्णायक बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें आगे की कानूनी, प्रशासनिक एवं जनआंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
कांग्रेस पार्टी चेतावनी देती है कि यदि मतदाता सूची से नाम विलोपन की इस साजिश की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी इसे सड़क से लेकर चुनाव आयोग और न्यायालय तक ले जाएगी।
कांग्रेस लोकतंत्र की प्रहरी है और एक भी मतदाता का अधिकार छीना गया तो उसका माकूल जवाब दिया जाएगा।
अद्ध्यक्ष द्वय ने पार्टी के समस्त मोर्चा प्रकोष्ठों, कांग्रेस पार्टी के विभिन्न घटकों, पूर्व एवं वर्तमान वरिष्ठ पदाधिकारियों, अल्पसंख्यक, ओबीसी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, महिला एवं युवा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि उक्त महत्वपूर्ण बैठक में अपने साथियों के साथ अवश्य शामिल हों.










