कोरबा छत्तीसगढ़
टीपी नगर कोरबा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान और 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ आंदोलन की तैयारी को लेकर कांग्रेस संगठन एवं बूथ लेवल एजेंटों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में एआईसीसी सचिव एवं प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुश्री जरिता लैतफलांग मुख्य अतिथि रहीं, जबकि कोरबा लोकसभा के एसआईआर प्रभारी एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में पूर्व महापौर एवं विधानसभा प्रभारी राजकिशोर प्रसाद भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक में सुश्री जरिता लैतफलांग ने मतदाता सूची में हो रही कथित गड़बड़ियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से कई जगहों पर नाम जोड़े और काटे जा रहे हैं। उन्होंने वार्ड 48 समेत कई क्षेत्रों में दबाव बनाकर मतदाता सूची में हस्तक्षेप किए जाने के उदाहरण भी प्रस्तुत किए।
उन्होंने 14 दिसंबर को दिल्ली में राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली हस्ताक्षर अभियान सहित ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली में कोरबा जिले से अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि पात्र मतदाता का नाम छूटना और अपात्र का जुड़ना दोनों ही अस्वीकार्य है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कांग्रेस मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर को मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद पात्र नागरिक 16 दिसंबर से 15 जनवरी तक दावा–आपत्ति और नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6 भर सकते हैं।
विशिष्ट अतिथि राजकिशोर प्रसाद ने पात्र नागरिकों हेतु आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी और एसआईआर प्रक्रिया में सक्रियता बढ़ाने की अपील की।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर एवं मनोज चौहान ने दिल्ली आंदोलन में कोरबा से बड़ी संख्या में उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। सुश्री जरिता लैतफलांग ने दोनों नवनियुक्त जिलाध्यक्षों एवं पूर्व अध्यक्ष नत्थूलाल यादव का सम्मान भी किया तथा 41 जिलाध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की घोषणा की।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू सहित कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, बीएलए, पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर प्रक्रिया में आ रही समस्याओं और गड़बड़ियों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












