कलेक्टर अजित वसंत के खिलाफ कार्रवाई न होने पर ननकी राम कंवर 4 अक्टूबर को देंगे धरना

रायपुर छत्तीसगढ़

रायपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ननकी राम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजित वसंत के विरुद्ध की गई शिकायत पर कार्रवाई न होने से नाराज होकर 4 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री निवास, रायपुर के समक्ष धरना देने की घोषणा की है।

कंवर ने बताया कि उन्होंने 21 और 22 सितम्बर को मुख्यमंत्री को 14 बिंदुओं में विस्तृत शिकायत सौंपी थी। साथ ही अल्टीमेटम दिया था कि तीन दिनों के भीतर कलेक्टर को कोरबा से अन्यत्र नहीं हटाया गया तो वे धरने पर बैठेंगे।

उन्होंने कहा कि कई बार मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों को शिकायत करने के बावजूद कोई जांच या कार्रवाई नहीं हुई। कंवर का आरोप है कि भ्रष्ट अधिकारियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है और मुख्यमंत्री को कुछ आईएएस अधिकारी वास्तविक स्थिति से गुमराह कर रहे हैं।

कंवर ने पूर्व में उजागर किए गए पीएससी परीक्षा घोटाला, शराब घोटाला, दवाई खरीदी घोटाला, कोयला घोटाला, डीएमएफ घोटाला, एनएचएआई मुआवजा घोटाला जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी शिकायतों पर केंद्र सरकार की कार्रवाई से कई बड़े अधिकारियों और नेताओं के खिलाफ कार्यवाही हुई थी। इसी तरह शौचालय ओडीएफ घोटाले में भी उनकी शिकायत सत्य साबित हुई।

उन्होंने कहा कि “जब मेरे जैसे वरिष्ठ और अनुभवी नेता की शिकायत पर भी कोई कार्यवाही नहीं हो रही है, तो अन्य जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर क्या स्थिति होगी, सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। यह लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।”

कंवर ने स्पष्ट किया कि वे 4 अक्टूबर को अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देंगे।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now