हाफ बिजली बिल योजना में कटौती पर कांग्रेस का हमला – 50 लाख उपभोक्ताओं को नुकसान, सड़क पर उतरेगी कांग्रेस

छत्तीसगढ़ जनवार्ता 

कोरबा: जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय मनोज चौहान एवं नत्थूलाल यादव ने हाफ बिजली बिल योजना में की गई कटौती पर सवाल उठाते हुए इसे राज्य के 50 लाख से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं के हितों पर सीधा आघात बताया है।

श्री नत्थूलाल यादव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल की इस जनहितकारी योजना में वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार ने संशोधन कर शर्तें जोड़ दी हैं, जिससे अब 100 यूनिट तक की भी छूट का लाभ उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक आधे बिल की योजना थी – जिसमें 200 यूनिट तक फ्री बिजली मिलती थी और शेष 200 यूनिट का ही बिल देना होता था। यहां तक कि 400 यूनिट से अधिक खपत पर भी 200 यूनिट तक मुफ्त का प्रावधान था, जिससे मध्यम एवं उच्च वर्ग को भी राहत मिलती थी।

मनोज चौहान ने कहा कि अब नए नियम के तहत 100 यूनिट से अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को एक भी यूनिट पर छूट नहीं मिलेगी। 100 यूनिट के बाद उपभोक्ता को पूरा का पूरा बिल चुकाना पड़ेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि “सरप्लस बिजली उत्पादन वाले राज्य छत्तीसगढ़ में अघोषित विद्युत कटौती कर आम जनता को परेशान किया जा रहा है, जो उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है।”

श्री चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे जल, कोयला संपन्न राज्य में भाजपा सरकार महंगी दरों पर बिजली बेच रही है। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़ वर्षों में भाजपा सरकार ने चौथी बार बिजली दरें बढ़ाई हैं।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस प्रकार की दर वृद्धि और हाफ बिजली बिल योजना में कटौती आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है और कांग्रेस इसके खिलाफ सड़कों पर आंदोलन करेगी।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now