नगर निगम कोरबा में टेंडर घोटाला? – एक ही कार्य के दो प्रस्ताव, भ्रष्टाचार की बू

छत्तीसगढ़ जनवार्ता

कोरबा, छत्तीसगढ़ | नगर पालिक निगम कोरबा में भ्रष्टाचार की एक गंभीर आशंका सामने आई है, जहाँ एक ही निर्माण कार्य के लिए दो अलग-अलग प्रस्ताव तैयार कर दो बार टेंडर प्रक्रिया चलाई जा रही है। महापौर के इशारे पर हुई इस गड़बड़ी की शिकायतें ठेकेदारों द्वारा भी की जा चुकी हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 14 (पूर्व वार्ड क्र. 12), अमरैय्या पारा अंतर्गत पावर टावर के पास तालाब एवं सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए ₹88.00 लाख का ई-टेंडर नोटिस क्रमांक 168445, दिनांक 06.06.2025 को जारी किया गया था। इस टेंडर में भाग लेने वाले 18 ठेकेदारों में से नियमों को दरकिनार कर 16 को अपात्र घोषित कर केवल 2 ठेकेदारों को पात्र माना गया। इससे प्रतिस्पर्धा समाप्त हो गई और कार्य ऊँचे दरों पर स्वीकृत किया गया, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका है।

एक ही काम – दो प्रस्ताव

अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि इसी कार्य के लिए समान राशि का एक और प्रस्ताव तैयार कर एम.आई.सी. से पास कर शासन को पत्र क्रमांक 3796, दिनांक 03.06.2025 के माध्यम से भेजा गया, जिसे नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने भी पत्र क्रमांक 6096/चार/ले.अन./2025-26, दिनांक 14.07.2025 द्वारा स्वीकृति प्रदान की। उक्त प्रस्ताव सीरियल नंबर 12 पर सूचीबद्ध है और उसकी भी टेंडर प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है।

क्या है असल मंशा?

एक ही कार्य के लिए दो अलग-अलग मदों से दो प्रस्ताव बनाकर दोहरी प्रक्रिया चलाना, कहीं न कहीं नियमों की अनदेखी और भ्रष्टाचार की मंशा को दर्शाता है। इससे राज्य शासन को आर्थिक क्षति पहुँचने की पूरी संभावना है।

सूत्रों की मानें तो यह पूरा खेल निगम के कुछ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से किया जा रहा है, ताकि फर्जी कार्य दिखाकर धन निकासी की जा सके।

जांच की मांग

अब यह देखना होगा कि क्या प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर तत्काल जांच की पहल करता है, या फिर यह भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

 

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now