धनवार गांव में धंसा कच्चा कुआं, एक ही परिवार के तीन लोगो की लापता खबर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

कोरबा छत्तीसगढ़

कटघोरा, 29 जुलाई 2025 //

कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जटगा चौकी के धनवार गांव में सोमवार को एक कच्चा कुआं अचानक धंस गया, जिससे एक ही परिवार के तीन सदस्य लापता हो गए। घटनास्थल पर चप्पलों के मिलने से यह आशंका और गहरी हो गई है कि तीनों कुएं में ही दबे हो सकते हैं। मौके पर पुलिस व प्रशासन की टीम मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है।

—घटना का विवरण

गांव निवासी छेदुराम श्रीवास (65) ने गर्मी के दिनों में अपने परिवार के उपयोग के लिए यह कुआं खुदवाया था, जिसकी गहराई करीब 40 फीट बताई गई है। यह कुआं अभी तक कच्चा ही था और बजट के अनुसार भविष्य में इसे पक्का करने की योजना बनाई गई थी। लेकिन बरसात और निचली जलधाराओं के दबाव ने इसकी संरचना को नुकसान पहुंचाया और सोमवार को यह अचानक धंस गया।

घटना के बाद से छेदुराम श्रीवास, उनकी पत्नी कंचन बाई (53) और बेटा गोविंद श्रीवास (30) का कोई पता नहीं चल पाया है। कुएं के पास तीनों की चप्पलें मिलने से आशंका गहराई है कि तीनों उसी में दब गए हैं।

स्थानीयों की सतर्कता से मिली सूचना

घटना के वक्त कुएं के समीप खेतों में कार्य कर रहे कुछ ग्रामीणों ने धंसाव की आवाज और हलचल देखी। उन्होंने तत्काल श्रीवास परिवार की खोजबीन की, लेकिन किसी के नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कटघोरा टीआई धर्म नारायण तिवारी एवं जटगा चौकी प्रभारी चंद्रपाल खांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

रेस्क्यू अभियान जारी, मोटर पंप से पानी निकाला जा रहा

टीआई डी.एन. तिवारी ने बताया कि कुएं को खाली कराने के लिए मोटर पंप लगाया गया है ताकि रेस्क्यू टीम को खोज में आसानी हो। कुएं की गहराई अधिक होने और सीपेज लगातार बने रहने से तलाशी में बाधा आ रही है, लेकिन रेस्क्यू टीम लगातार जुटी हुई है।

जटगा चौकी प्रभारी श्री चंद्रपाल खांडे ने देर रात बताया कि कुएं में पानी का तेजी से रिसाव हो रहा है, जिससे खुदाई में दिक्कतें आ रही हैं। फिर भी प्रशासनिक अमला हरसंभव प्रयास में लगा है।

 

घटना का समय अब तक स्पष्ट नहीं

यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह दुर्घटना किस समय हुई। ग्रामीणों के अनुसार, श्रीवास परिवार अक्सर सुबह और दोपहर के बीच कुएं के आसपास कार्य करता था। सोमवार को जब परिवार के सदस्य दिखाई नहीं दिए, तब ग्रामीणों ने जांच की और पुलिस को सूचित किया।

प्रशासन की निगरानी में राहत कार्य जारी

घटना की जानकारी जिला प्रशासन को दे दी गई है। अब तक कोई आधिकारिक प्रेस बयान नहीं जारी किया गया है। स्थानीय पुलिस, ग्रामीणों और रेस्क्यू दल के सहयोग से खोज व बचाव कार्य लगातार जारी है।
ग्रामीणों की उम्मीदें प्रशासन की तत्परता पर टिकी हैं कि जल्द ही कोई ठोस सुराग मिलेगा।

 

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now