80 वर्षीय बुज़ुर्ग महिला की जमीन पर बाहरी व्यक्ति का जबरन कब्जा, सीमांकन आदेश के बावजूद प्रशासनिक अनदेखी”

 

कोरबा (छत्तीसगढ़):
जिले के ग्राम पचभईया (चरी), ग्राम पंचायत बांगो में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला इन्द्रमती बिंझवार द्वारा बीते 50 वर्षों से कमार की गई जमीन पर बाहरी व्यक्ति द्वारा जबरन कब्जा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने कलेक्टर सहित तहसील व पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

इन्द्रमती बिंझवार, जो कि ग्राम भरपाली (मदापारा), पंचायत तानाखार की निवासी हैं, ने बताया कि उनके नाम 1.5 एकड़ एवं पुत्र रविशंकर के नाम 5 एकड़ भूमि, कुल 6.5 एकड़ जमीन विगत कई दशकों से उनके कब्जे में है। वर्ष 1997-98 में पटवारी द्वारा इस भूमि का रिकॉर्ड तैयार किया गया था, जिसका नक्शा, खसरा एवं दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं।

क्या है विवाद:
लगभग दो वर्ष पूर्व जशपुर जिले के स्माइल टोप्पो नामक व्यक्ति ने ग्राम के बाबूलाल महतो से मात्र 48 डिसमिल जमीन खरीदी, लेकिन अब वह पूरे 6.5 एकड़ जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है। स्माइल टोप्पो न सिर्फ फैसिंग कर खेत जोतने की कोशिश कर रहा है, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों को दारू-मुर्गा खिलाकर, जातिगत गाली-गलौज व धमकी देकर माहौल को भयाक्रांत कर रहा है।

प्रशासनिक मिलीभगत का आरोप:
पीड़िता का आरोप है कि स्माइल टोप्पो, जो कि SECL से रिटायर्ड कर्मचारी है, स्थानीय पटवारी, सरपंच, कोटवार एवं तहसील अधिकारियों को प्रभावित कर अपने पक्ष में कर चुका है। सीमांकन आदेश के बावजूद पटवारी सीमांकन करने की बजाय टोप्पो के घर जाकर उसके पक्ष में काम कर रहा है।

आसपास के हालात:
पीड़िता ने बताया कि पास की ही जमीन पर अमर कुंवर सारथी खेती कर रहे हैं, जिनके खेत का पानी सीधे इन्द्रमती बिंझवार के खेत में आ रहा है, जिससे उनकी खेती प्रभावित हो रही है।

न्याय की आस में बुजुर्ग महिला:
इन्द्रमती बिंझवार अपने हक की जमीन वापस पाने के लिए थाना व तहसील के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि उनकी जमीन की सीमांकन कर निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now