देवपहरी जलप्रपात में पिकनिक बना मौत का खेल, तेज बहाव में फंसे 6 लोग

 

कोरबा, छत्तीसगढ़:
जिले का प्रसिद्ध पिकनिक स्थल देवपहरी जलप्रपात एक बार फिर हादसे का गवाह बना है। रविवार को यहां पिकनिक मनाने पहुंचे कोरबा शहर के दो युवक और चार युवतियाँ जलप्रपात के तेज बहाव में फंस गए। तेज पानी के बीच खुद को संभालते हुए युवकों ने किसी तरह अपने परिजनों को फोन पर सूचना दी, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस और जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस के अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन लगातार तेज बारिश और जलप्रपात में उफनती धाराओं के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका। प्रशासन का कहना है कि जलप्रवाह कम होने के बाद ही राहत कार्य किया जा सकेगा। फिलहाल घटनास्थल पर निगरानी रखी जा रही है और बचाव के हर प्रयास तैयार हैं।

यह कोई पहली घटना नहीं है — हर साल बरसात में ऐसी घटनाएं होती हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग चेतावनी को नजरअंदाज कर मौत के मुंह में जा पहुंचते हैं।

प्रशासन द्वारा समय-समय पर चेतावनी जारी की जाती है कि बरसात के मौसम में देवपहरी जैसे जलप्रपातों से दूरी बनाए रखें, लेकिन लोग सोशल मीडिया के लिए वीडियो, सेल्फी या रोमांच की चाह में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।

अब सवाल यह है कि जब हर साल ऐसे हादसे हो रहे हैं तो बरसात के महीनों में इन संवेदनशील पिकनिक स्पॉट्स पर पूर्ण प्रतिबंध क्यों नहीं लगाया जाता?
जनता की सुरक्षा के लिए शासन को मानसून सीजन में देवपहरी जैसे खतरनाक स्थलों को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश देना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now