ढेलवाडीह-सिंघाली-जवाली मुख्य मार्ग पर मनमानी खुदाई से आवागमन ठप, बारिश और अंधेरे में बढ़ा हादसे का खतरा

कोरबा छत्तीसगढ़

कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघाली के अभयपुर के समीप ढेलवाडीह-सिंघाली-जवाली मुख्य मार्ग पर आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्थानीय निवासी बाबू सिंह ने बिना किसी अनुमति के जेसीबी मशीन से सड़क के बीचोंबीच दो से तीन फीट गहरी खुदाई कर दी। इस कारण मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है।

यह मार्ग क्षेत्र का एक प्रमुख और व्यस्ततम रास्ता है, जहां से स्कूली वाहन, बाइक, कार, एंबुलेंस सहित अन्य जरूरी परिवहन साधन दिन-रात गुजरते हैं। खुदाई के कारण जहां आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है, वहीं अब ग्रामीणों और राहगीरों ने आशंका जताई है कि अंधेरा होते ही यह गड्ढा किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहिया वाहन से गुजरना अब जोखिम भरा हो गया है। जब ग्रामीणों ने खुदाई का विरोध किया, तो खुदाईकर्ता बाबू सिंह उल्टे झगड़े पर उतर आया।

ग्राम सरपंच से जब इस संबंध में जानकारी ली गई, तो उन्होंने बताया कि बाबू सिंह के घर में बारिश का पानी भर रहा था, और उसने पानी निकासी के लिए नाली बनाने की बात कही थी। सरपंच ने उसे पाइप लगाकर पानी निकालने का सुझाव दिया था और हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया, ताकि सड़क को नुकसान न पहुंचे।

इसके बावजूद बाबू सिंह ने सार्वजनिक मार्ग पर मनमानी करते हुए गहरी खुदाई कर दी, जिससे यह अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क अब असुरक्षित बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग केवल आवागमन का जरिया नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन की धड़कन है। इसे किसी एक व्यक्ति के निजी स्वार्थ के चलते बाधित करना बेहद निंदनीय है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध खुदाई की तत्काल जांच कर दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और सड़क की मरम्मत कर मार्ग को शीघ्र बहाल किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now