कोरबा छत्तीसगढ़
कटघोरा,,कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोलिहामुड़ा के ग्राम मुढाली के निवासी इन दिनों भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। लगातार बारिश और अधूरे रेलवे लाइन निर्माण कार्य के चलते मुढाली से जवाली का संपर्क पूरी तरह से टूट गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, मुढाली-जवाली मुख्य मार्ग पर बन रहे अंडरब्रिज में कमर तक पानी भर गया है, और आसपास की मिट्टी बहकर जमा हो गई है। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, और आना-जाना लगभग असंभव हो गया है। जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है

संपर्क टूटने के कारण ग्रामीणों को 10 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाकर जवाली पहुंचना पड़ रहा है। यह रास्ता न केवल समय की बर्बादी है, बल्कि जोखिम भरा भी है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए।
ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे निर्माण एजेंसी को कई बार जानकारी देने के बावजूद अब तक न तो मिट्टी हटाई गई है और न ही जल निकासी की व्यवस्था की गई है। इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और दैनिक जीवन गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि निर्माण एजेंसी द्वारा आसपास की मिट्टी की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था कर दी जाए, तो स्थिति में सुधार आ सकता है। साथ ही, जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से अपील की है कि इस समस्या का तुरंत संज्ञान लें और अंडरब्रिज से जलभराव हटाने के लिए ठोस कदम उठाएं। यह स्थिति लापरवाही और अव्यवस्थित निर्माण कार्य की गंभीर चेतावनी है। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो यह समस्या जन-स्वास्थ्य संकट में बदल सकती है।
जिला प्रशासन से मांग की गई है कि जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाकर ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए।












