कुदुरमाल रेत घाट विवाद: पंचायत ने किया स्थिति स्पष्ट, अवैध उत्खनन रोकने ग्रामवासी खड़े, 200 रुपये वसूली के आरोप निराधार

कोरबा छत्तीसगढ़

कोरबा जिले के उरगा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदुरमाल में संचालित रेत घाट को लेकर जारी विवाद में पंचायत ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। ग्रामवासी संजू वैष्णव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वे पंचायत हित में कार्य कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग उनकी छवि खराब करने में लगे हुए हैं।

पंचायत की ओर से उरगा थाना में आवेदन देकर बताया गया कि 14 अप्रैल 2025 को हुई विशेष ग्राम सभा में रेत उत्खनन का संपूर्ण प्रभार ग्राम पंचायत को सौंपे जाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। सरपंच की तबीयत खराब होने के चलते 24 मई 2025 तक रॉयल्टी की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, जिससे अवैध उत्खनन जोरों पर है।

पंचों और सरपंच की सहमति से अवैध उत्खनन रोकने हेतु ग्रामवासियों को घाट के द्वार पर तैनात किया गया है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि ट्रैक्टर चालकों द्वारा 200 रुपये देकर रेत ले जाने का दबाव बनाया गया, और इनकार करने पर गाली-गलौज व धमकी दी गई। इसके बाद ग्रामवासियों पर 200 रुपये अवैध वसूली के झूठे आरोप लगाकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई जा रही है।

पंचायत ने प्रशासन से आग्रह किया है कि नियमावली के अनुसार रॉयल्टी जल्द उपलब्ध कराई जाए और अवैध उत्खनन को रोकने के लिए उचित कार्रवाई की जाए।

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now