छत्तीसगढ़ जनवार्ता
बिलासपुर, 30 अप्रैल 2025 – छत्तीसगढ़ के तीन जिलों रायपुर, राजनांदगांव और बिलासपुर में लगातार हो रही ज्वेलरी दुकानों में चोरी की घटनाओं के पीछे सक्रिय अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश बिलासपुर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में ए.सी.सी.यू. और सिटी कोतवाली थाना टीम ने गिरोह के पाँच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में 3 महिलाएँ और 2 पुरुष शामिल हैं, जिनकी पहचान उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद निवासी प्रदीप, मालती, पूनम, राहुल उर्फ मनीष और श्याम सोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लगभग 14 लाख रुपए मूल्य के 140 ग्राम सोने के जेवर, 3 किलो चांदी, 94 हजार रुपए नकद और एक मारुति बलेनो कार जब्त की है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 22 लाख रुपए आंकी गई है।
28 अप्रैल को हिम्मत लाल ज्वेलर्स, गोलबाजार बिलासपुर में दो महिलाओं ने नकली सोना असली बताकर 4.5 लाख रुपए मूल्य का असली सोना व नगद ठगी की थी। घटना के बाद ए.सी.सी.यू. टीम और थाना पुलिस ने 200 से अधिक CCTV फुटेज खंगाल कर संदिग्धों की पहचान की और महाराष्ट्र के भंडारा जिले में घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने रायपुर के माँ बंजारी ज्वेलर्स और राजनांदगांव के लक्ष्मी ज्वेलर्स में भी चोरी करना स्वीकार किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस महानिरीक्षक श्री संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के मार्गदर्शन के साथ निरीक्षक राजेश मिश्रा, अजहरउद्दीन, थाना प्रभारी विवेक पांडे और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस सराहनीय कार्य के लिए पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।
बिलासपुर पुलिस की यह कार्यवाही न केवल त्वरित और तकनीकी रूप से दक्ष थी, बल्कि पूरे प्रदेश के सराफा कारोबारियों को राहत देने वाली रही है। प्रदेश सराफा एसोसिएशन ने भी पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है











