अवैध शराब के खिलाफ कोरबा पुलिस की सख्त कार्रवाई, विरोध के चलते अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा

कोरबा छत्तीसगढ़

कोरबा, छत्तीसगढ़ – कोरबा जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध पुलिस का अभियान और सख्त होता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर व नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का के मार्गदर्शन में जिलेभर में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पताढ़ी के बेचल भाटा मोहल्ले में आज सुबह पुलिस ने छापामार कार्रवाई की।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जो मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर आधारित थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो स्थानीय ग्रामीण महिलाओं ने न सिर्फ विरोध किया, बल्कि पुलिस टीम और उनके वाहनों को घेरने का प्रयास भी किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कोरबा पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा, ताकि स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सके।

पुलिस ने धैर्य और संयम का परिचय देते हुए मौके पर मौजूद ग्रामीणों को समझाइश दी और किसी भी प्रकार की झड़प या बल प्रयोग से बचते हुए स्थिति को शांत किया। हालांकि ग्रामीणों द्वारा शराब को जमीन पर फेंक देने के कारण पूरी जब्ती कार्रवाई नहीं हो सकी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने के लिए की जा रही है, और इस तरह के विरोध की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा। कोरबा पुलिस का यह स्पष्ट संदेश है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और अवैध कारोबार में लिप्त तत्वों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस की इस सख्ती और संवेदनशीलता भरे रुख को देखते हुए समाज के जिम्मेदार नागरिकों से यह अपेक्षा की जा रही है कि वे पुलिस का सहयोग करें और नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सहभागी बनें।

 

हमारे  नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट , और सभी खबरें डाउनलोड करें
अभी यहाँ क्लिक करके डाउनलोड करें  
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे
Donate Now