कोरबा छत्तीसगढ़
कटघोरा। ग्राम पंचायत सिंघाली के आश्रित ग्राम अमरपुर बढाईमार में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक जुगल सिंह कंवर, पिता दुलार सिंह कंवर, अपने बड़े बेटे के घर रात का खाना खाने के बाद सोने के लिए अपने छोटे बेटे के घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों में आक्रोश, किया चक्का जाम 
घटना की खबर मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी और तहसीलदार कटघोरा ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से तत्काल ₹25,000 की सहायता राशि प्रदान की गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी ट्रक चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।












